मैंसिर-मोलनापुर मार्ग का पोपया गांव को जाने वाली सड़क टूटी हुई है। संवाद
मोलनापुर। जनपद की बदहाल सड़कों पर सफर करना आसान नहीं बल्कि चुनौती भी बन गई है। सड़कों पर धूल और गड्ढों के कारण पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। कुछ ऐसा ही हाल मैंसिर से मोलनापुर मार्ग का है, जो पोपया गांव के पास सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। ग्रामीणों ने सड़क के मरम्मत की मांग की है।
ग्रामीण नीरज, फूलचंद, लालजी, रामप्रीत, प्रमोद आदि ने बताया कि 800 मीटर की दूरी में सड़क की गिट्टियां उखड़ गई है। तारकोल का नामोनिशान तक नहीं है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराया। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया गया है। ये सड़क इसलिए महत्वपूण है क्योंकि ये सिंधौली-बेदौली से होते हुए गोरखपुर जिले को जोड़ता है।