सेमरियावां। ब्लॉक क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय आने- जाने के लिए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कारण यह है कि दानोकुइयां चौराहे से सेमरियावां होते हुए जिला मुख्यालय और आगे गोरखपुर तक संचालित होने वाली परिवहन निगम एक मात्र बस चार माह से नही चल रही है। बस संचालन बंद होने से लोगों को काफी दिककतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद के उत्तर पश्चिम सीमा पर स्थिति दानोकुइयां चौराहे से परिवहन निगम की एक बस रोज सुबह साढ़े सात बजे से पैड़ी, सेमरियावां, टेमारहमत होते हुए जिला मुख्यालय व गोरखपुर के लिए के लिए आती- जाती थी। पिछले चार माह से बस का संचालन बंद हो गया है। ऐसे में करही, पैड़ी, सेमरियावां, चिउटना, नव्वागांव, टेमारहमत चौराहे पर सवारी बस का इंतजार करती रह जा रही है। मजबूरी में प्राइवेट वाहन पकड़ना पड़ता है, जिससे मनमानी किराया देना पड़ता है। इलाके के दानोकुइयां, करही, पिड़वां, गंगौली, रूधौली, सेमरियावां, पिपरा गोविंद, कोहरियावां, बाघनगर, सेहुड़ा, कोइलसा, उसराशहीद, महुआरी, मूड़ाडीहाबेग, चिउटना, तिनहरीमाफी , पचदेउरा, पचदेउरी, तिलजा, सालेहपुर के लोगों को इससे काफी परेेशानी उठानी पड़ रही है।लोगों को कहना है कि जिला मुख्यालय यहां से 35-40 किमी दूर है। सबसे ज्यादा परेशानी गरीब वादाकारियों का हो रही है। जिनके पास अपना साधन नही है। जिन्हे समय से न्यायालय पहुंचना रहता है। क्षेत्र के निवासी अफसरूददीन, मोहम्मद सलमान, डॉ. बी. आलम, संतोष प्रजापति ने कहा कि बस संचालन बंद होने से परेशानी हो रही है। ऐसे में बस सेवा फिर शुरू होनी चाहिए। इस संबंध में एआरएम आयुष भटनागर ने कहा कि पता कराएंगे कि बस किस कारण से बंद हैं। पूरा प्रयास रहेगा कि बस सेवा फिर बहाल हो।