संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम को ज्ञापन देते लेखपाल लेखपाल संघ के लोग।संवाद
संतकबीरनगर। अंतर मंडलीय स्थानांतरण प्रक्रिया को शुरू किए जाने की मांग को लेकर धनघटा तहसील के लेखपाल संघ के लोगों ने शनिवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपा। लेखपालों का कहना है कि शासन ने अंतर मंडलीय स्थानांतरण प्रक्रिया को शुरू किए जाने का आदेश दे दिया है। इसके बावजूद लेखपालों का अंतर मंडलीय तबादला नहीं हो रहा है, जिससे लेखपालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लेखपाल संघ के धनघटा तहसील अध्यक्ष सुरजीत यादव ने कहा कि वर्तमान में वार्षिक स्थानांतरण सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन इसका लाभ लेखपालों को नहीं मिल पा रहा है, जबकि 23 अगस्त 2018 को शासन ने लेखपाल संवर्ग के लोगों का अंतर मंडलीय स्थानांतरण किए जाने का आदेश जारी किया था। उस समय अधिकतर लेखपाल इस तबादला नीति का लाभ भी लिए थे, लेकिन उसके बाद लेखपालों का अंतर मंडलीय स्थानांतरण बंद हो गया। इसके कारण महिला और पुरुष लेखपालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लेखपालों ने एडीएम के जरिये राजस्व परिषद को मांग पत्र देकर अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया को शुरू किए जाने की मांग की। इस मौके पर संजय कुमार, इम्तियाज अहमद, विवेक रंजन, सतेंद्र कुमार, आलोक कटियार, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार, सुनील गौड़, जंग बहादुर सिंह, श्रवण आदि मौजूद रहे।