-क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग की थी
- एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने रोका निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी व्यापारियों ने प्रधान पर जबरन जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को निर्माण कार्य को रोकने का निर्देश दिया। जिस पर पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवा दिया।
सिसवा गांव निवासी बिजेंदर, लक्ष्मण, विपुल, शिवपाल, रामस्वरूप आदि का आरोप है कि उन लोगों की गांव में पुश्तैनी जमीन है। उस जमीन को अपना बता कर ग्राम प्रधान अपने और गांव निवासी एक व्यक्ति से कब्जा कर करा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है की कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया गया। एसडीएम ने निर्माण का रुकवाने का निर्देश पुलिस को दिया। लेकिन जगदीशपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज एसडीएम के निर्देश की अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य को रुकवाने नहीं पहुंचे। उसके बाद व्यापारी थाने पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष संतोष मिश्रा ने तत्काल थाने से पुलिस बल को भेजकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया। व्यापारियों का आरोप है कि जगदीशपुर पुलिस चौकी इंचार्ज के सह पर कब्जा किया जा रहा है। एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। जबरन कार्य करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रधान अजय कुमार ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं, जमीन उनकी है जिस पर वह निर्माण करा रहे हैं।