- बंजर जमीन से कब्जा हटवाने की तीन बार दिया प्रार्थनापत्र, नहीं हुई सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के तीनों तहसीलों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खलीलाबाद तहसील दिवस पर एक बुजुर्ग पहुंचे और बोले कि शौचालय नहीं बनवाया, फिर भी उनके नाम की वसूली का नोटिस दिया गया। इसके साथ ही बेदखली की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसी तरह से अन्य शिकायतें आई।
खलीलाबाद तहसील पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर समस्या सुन रहे थे, उसी दौरान भंगुरा अहिरौली निवासी बुजुर्ग श्याम बली पहुंचे। कहा कि उन्होंने कोई भी शौचालय सरकारी रकम से नहीं बनवाए हैं। उनके नाम से 7100 रुपये का बकाया व बेदखली का नोटिस दिया गया है। जिसके लिए ब्लॉक से तहसील पर प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। श्याम बली ने डीएम से प्रकरण की जांच कराकर नोटिस वापस लेने की मांग की।
इसी तरह से छाता निवासी मकसूद आलम ने कहा कि गांव एक आदमी मकान बनवाया है और उसी आड़ में बंजर जमीन पर कब्जा कर रहा है। मना करने के बाद भी नहीं मान रहा है। अगर वह कब्जा कर लिया तो गांव का मार्ग रुक जाएगा। कहा कि इसके लिए तीन बार प्रार्थना पत्र दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। डीएम ने शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। इसी तरह से अन्य जमीन संबंधित शिकायतें आई जिसका डीएम ने निस्तारण का आश्वासन दिया।