संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को छात्राओं के लिए कॅरिअर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत मिलने वाली निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने छात्राओं को योजना के उद्देश्यों और लाभों के बारे में बताया। विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, यूपीपीएससी, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग समेत अन्य भर्ती बोर्डों की परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अलावा जेईई मेन, नीट, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी जैसी परीक्षाओं के लिए उपलब्ध मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के बारे में भी बताया गया। संवाद