- पांच लोगों ने आठ सेट में पर्चा लिया
- कलक्ट्रेट में बिना जांच के कोई प्रवेश नहीं ले पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट के डीएम कोर्ट में शुक्रवार को बसपा प्रत्याशी नदीम अशरफ, शोषित समाज दल के प्रत्याशी लौटन प्रसाद, निर्दल रविंद्र यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं पांच लोगों ने नामांकन पत्र लिया। इस दौरान कलक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। इस दौरान बिना जांच के किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया।
कलक्ट्रेट में सुबह 11 बजे से नामांकन का कार्य शुरू हुआ। दोपहर 2:45 बजे अचानक बसपा प्रत्याशी नदीम अशरफ पुत्र सैय्यद हुसैन अहमद नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंच गए। उनके साथ पूर्व विधायक भगवानदास भी थे। नदीम अशरफ ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। वहीं शोषित समाज दल के प्रत्याशी लौटन प्रसाद पुत्र भुआल और निर्दल प्रत्याशी रवीन्द्र यादव पुत्र श्रीराम यादव ने रिटर्निंग ऑफिसर/जिला मजिस्ट्रेट महेन्द्र सिंह तंवर के सामने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा इरफान, डाॅ. विजय त्रिपाठी, इफ्तेखार अहमद, अब्दुल अजीम और नीलम चतुर्वेदी ने नामांकन पत्र लिया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि बसपा समेत कुल तीन प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है। वहीं पांच लोगों ने आठ सेट में नामांकन लिया है। नामांकन कार्य छह मई तक चलेगा। कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अपर एसडीएम सुरेश चंद्रा, सीओ सिटी ब्रजेश कुमार सिंह कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर डटे रहे।
बसपा प्रत्याशी के पास सोना और नकदी है
बसपा प्रत्याशी नदीम अशरफ ने दाखिल नामांकन पत्र के शपथ में कहा है कि उनके पास नकद दो लाख रुपया, पत्नी के पास 50 हजार, 10 तोला सोना और एक किलो चांदी है। इसके साथ ही एक स्कार्पियों गाडी है। उनके पास कुल संपत्ति 31 लाख रुपये सोना चांदी, गाड़ी और नकदी मिलाकर है।
00000000000
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होंगीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रदेश अध्यक्ष
संतकबीरनगर। चार मई को भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद कलक्ट्रेट पर नामांकन करेंगे। उनके नामांकन में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी और राज्य मंत्री दयाशंकरसिंह शामिल होंगे। प्रवीण निषाद 12.30 बजे नामांकन करेंगे। जूनियर हाईस्कूल में एक जनसभा भी होगी।
000000000