आधे शहर में तीन घंटे बाधित रही विद्युत आपूर्ति
- विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए काटी गई पेड़ों की डालियां
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोमवार को शहर में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप रहीं। इस दौरान विद्युत निगम के कर्मचारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत तार के आसपास के पेड़ों की डालियों को कटवाया, ताकि पेड़ों की डालियों के कारण बार-बार लोकल फाल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को निजात मिल सके।
अवर अभियंता विद्युत मिथिलेश कुमार शाह ने बताया कि पुलिस लाइंस उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से एक बजे तक बिजली आपूर्ति रोकी गई थी। इस दौरान क्षेत्र के मोहद्दीनपुर, बगहिया, सरौली, मैलानी, अस्पताल रोड, कलेक्ट्रेट, डीएम आवास, एसपी आफिस व आवास, मेंहदावल बाईपास, पठान टोला, अंसार टोला, मीट मंडी, बरदहिया बाजार,बरई टोला आदि क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही।
उन्होंने बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं को लोकल फाल्ट की समस्या से निजात दिलाने के लिए इन क्षेत्रों में विद्युत तार के आसपास पेड़ों की डालियों को काटा गया। इससे लोकल फाल्ट की समस्या से काफी हद तक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।