ग्रामीणों ने चौराहे पर लगाया जाम, मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा क्षेत्र के लोहरैया में दो दिन पूर्व हुए हादसे में सास की मौत हो गई थी, जबकि दो बहुए घायल हो गई थी। उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को एक बहू की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह छह बजे से लोहरैया में रामजानकी मार्ग को जाम कर दिया।
नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि और एसडीएम के आश्वासन पर लोग माने और जाम समाप्त किया। बतादें कि रविवार की भोर में लोहरैया के पास एक स्कार्पियों ने तीन महिलाओ को रौंद दिया था, जिसमे मिश्रौलिया निवासी 50 वर्षीय उषा की मौत हो गई थी। जबकि बड़ी बहू मीना (28) और माधुरी (22) घायल हो गई थी।
सोमवार को मीना की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह लोहरैया के पास रामजानकी मार्ग को जाम कर दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक मार्ग जाम रहा। चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि ने परिवार के एक सदस्य को नाैकरी और 50 हजार मुआवजा देने की घोषणा की और एसडीएम ने पीएम आवास देने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम समाप्त हो गया।