- शिकायत पर एक एएनएम से मांगा था स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद सीएचसी अधीक्षक को किसी ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। जिससे परेशान सीएचसी अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला किसी एएनएम से स्पष्टीकरण मांगे जाने का बताया जा रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ राधेश्याम यादव ने बताया कि मंगलवार को उनके मोबाइल पर किसी ने फाेन किया और कहा कि जिस प्रकरण में स्पष्टीकरण तलब किया है अगर मैनेज नहीं किया तो आपकी हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद बुधवार को फिर फोन आया और वही बात कही। उन्होंने बताया कि एक एएनएम की शिकायत आई थी तो उससे स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस तरह की धमकी से वह और उनका परिवार डरा हुुआ है। उनके साथ कभी भी कोई हादसा हो सकता है। ऐसे में पुलिस उस फोन नंबर की जांच करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करें।
उन्होंने बताया कि खलीलाबाद सीएचसी को कायाकल्प अवार्ड मिल चुका है। कर्मियों की लगन से यह सब हासिल हुआ है। इससे कुछ लोग ईष्या रख रहे हैं। एसपी, डीएम और सीएमओ को भी पत्र लिखकर अवगत करा दिया गया है।