दुकान से अंगूठी चोरी के मामले में पकड़े गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद से बुधवार को चोरी के आरोप में पकड़े गए दो चोरों में एक ने भागने की कोशिश की। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह दौड़ाकर चोर को पकड़ा। इसके बाद पुलिस ने दोनों चोरों को न्यायालय भेज दिया।
कोतवाल ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि मंगलवार को गोला बाजार के हनुमान गढ़ी स्थित सोने-चांदी की दुकान से चोरों ने एक अंगूठी चुराई थी। दुकानदार ने केस दर्ज कराया था। इसके बाद चोरों की तलाश की जा रही थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मुखलिसपुर तिराहे से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मानवेंद्र प्रताप सिंह निवासी साड़े खुर्द मेंहदावल और शिवम सिंह निवासी मैलानी के रूप में हुई। इनके पास से एक बाइक, एक अंगूठी बरामद हुई।
पूछताछ में चोरों ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को हनुमान गढ़ी स्थित सोने-चांदी की दुकान से दुकानदार को झांसे में लेकर एक अंगूठी चुराई थी। बुधवार को वे अंगूठी बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पकड़े गए। पुलिस चोरों को कोतवाली लाई। इसमें से एक चोर ने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने दौड़ा लिया। कोतवाली गेट के पास चोर पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।