लोहरौली। दुधारा थानाक्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य कक्ष का ताला तोड़कर चोरों ने डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए। यही नहीं स्कूल के कैमरे भी तोड़ दिए। इस मामले में मुकामी पुलिस ने प्रधानाचार्य की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरु कर दी है। दुधारा थानाक्षेत्र के बढ़या माफी, सेमरियांवा में स्थित नूरुल करीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में लिखा है कि गत 23 मार्च की रात में चोरों ने उनके स्कूल में घुसकर प्रधानाचार्य कक्ष का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोर कमरे में घुसे और उन्होंने प्रधानाचार्य कक्ष में रखी आलमारी का ताला तोड़ दिया। आलमारी में स्कूल की फीस के डेढ़ लाख रुपये चुरा लिए। उन्होंने स्कूल का सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। सुबह जब वह स्कूल आए तब इस मामले में जानकारी मिली। सीओ सदर, अजीत चौहान ने बताया कि मुकामी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी की वारदात का मुआयना किया तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज करके आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। संवाद