- आवास निर्माण में बाधक बन रहा था हाइटेंशन तार
- कोतवाली परिसर में देर शाम तक जमे रहे विभागीय अधिकारी व कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद डिवीजन के हरिहरपुर उपकेंद्र में तैनात जेई अश्वनी पांडेय की गिरफ्तारी के बाद निगम के दफ्तर में सन्नाटा पसर गया। ट्रैप टीम व पीड़ित के मुताबिक आवास निर्माण में हाईटेंशन तार बाधक बन रहा था। ट्रैप टीम के कब्जे में आने की सूचना के बाद विभागीय अधिकारी व कर्मचारी देर शाम तक कोतवाली परिसर में जमे रहे।
महुली क्षेत्र के हरिहरपुर वार्ड नंबर तीन राजेंद्र नगर मोहल्ला निवासी सुजीत सोनकर पुत्र अशोक सोनकर को आवास का निर्माण कराना था। वहीं से हाईटेंशन तार गया हुआ था। इससे घर का निर्माण नहीं हो पा रहा था। सुजीत लंबे समय से निगम का चक्कर लगा रहा था। इधर जेई के खलीलाबाद के गोला बाजार पुलिस चौकी के पास गिरफ्तारी की सूचना के बाद विभाग के लोग सन्न हो गए। एक्सईएन व एसी कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। कोई खुलकर बोलने की स्थिति में नहीं था। इधर टीम के कब्जे में आने और कोतवाली ले जाने की सूचना के बाद धीरे-धीरे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी वहां पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेने में जुट गए।
बंद कमरे में चली लिखा-पढ़ी की कार्रवाई
कोतवाली परिसर में दोपहर बाद जेई को लेकर पहुंची एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बंद कमरे में लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूरी की। किसी को भी कक्ष के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। बाद में बिजली निगम के एसडीओ को सिर्फ भीतर जाने की अनुमति दी गई। कुछ समय एसडीओ अंदर रहे और फिर वह भी बाहर आकर बैठ गए। विभागीय जिम्मेदारों ने पूरे मामले में चुप्पी साधी रही।
कई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी चढ़ चुके हैं हत्थे
जिले में कई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी एंटी करप्शन टीम के हाथ चढ़ चुके हैं। इसके बाद भी अधिकारी और कर्मचारी सीख न लेकर भ्रष्टाचार में लग जा रहे हैं। इसी वर्ष चार जनवरी को जिले से एंटी करप्शन की टीम ने चकबंदी पेशकार को 20 हजार रुपये घूस के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं जून वर्ष 2021 में धनघटा थाने पर तैनात दरोगा राममिलन यादव को 10 हजार रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया था। जबकि मेंहदावल तहसील में तैनात लेखपाल अश्वनी मिश्र मार्च 2023 में 50 हजार रुपये के साथ एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़े थे। इसके अलावा लगभग पांच साल पूर्व जिले में तैनात बीएसए गजराज यादव 10 हजार रुपये का रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जा चुके हैं।