संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। शिक्षा क्षेत्र पौली के प्राथमिक विद्यालय बछईपुर में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी पौली जनार्दन यादव ने किया। मेले में विद्यालय के सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी जनार्दन यादव ने विद्यालय परिवार व बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचारों से बच्चों में सीखने की प्रतिभा का विकास होता है। ग्राम प्रधान महेंद्र यादव ने कार्यक्रम में शामिल सभी का आभार जताया।
राज्य पुरस्कार प्राप्त अध्यापक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि मेले का उद्देश्य बच्चों में व्यावहारिक गणित व भाषा शैली का विकास करना है। मेले में धर्मेंद्र, सूरज कन्नौजिया, ऋषि शंकर, देवीचरन, उर्मिला देवी, रामकरन, देवेंद्र, बबलू, सुमित्रा, माधुरी आदि मौजूद रहीं।