संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियाबारी गांव स्थित पार्लर और मकान में से चोर नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। बनियाबारी गांव निवासी अभिषेक पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी अंकिता पांडेय अपने घर में ही ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब वह परिवार के साथ बड़ी पटखौली स्थित अपने दूसरे मकान पर राखी बंधवाने गए थे। जब शाम को वे लौटे तो देखा की सीढ़ी का दरवाजा खुला हुआ था। ब्यूटी पार्लर दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरों का भी ताला टूटा हुआ था। जहां से एक सोने का हार, झाला एक सेट, बाली एक सेट, तीन अंगूठी, एक मंगलसूत्र और दो सेट पायल समेत अन्य जेवरात व पार्लर काउंटर से रखा 25 हजार रुपये नकद गायब था। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में शिकायत मिला है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। संवाद