क्षेत्र में सप्ताह भीतर तीसरे किराने दुकान में चोरों की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। क्षेत्र में किराने की दुकानें चोरों के निशाने पर हैं। एक सप्ताह भीतर चोरों ने तीसरे किराने की दुकान को निशाना बनाया है। सोमवार देर रात पुलिस चौकी बखिरा के निकट स्थित एक किराने की दुकान में चोरी हो गई। दुकानदार ने बताया कि दुकान से कुल एक लाख रुपये की चोरी हुई है। पीड़ित महिला दुकानदार ने कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी में तहरीर दे दी है।
महिला दुकानदार नीलम गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान व मकान एक ही में है। रोजाना की तरह वह दुकान बंदकर घर में सो रही थीं। पुलिस चौकी से मात्र पचास मीटर की दूरी पर उनकी दुकान है। 25 सितंबर की रात करीब बारह से तीन बजे के मध्य दुकान के दरवाजे की कुंडी को तोड़कर चोर गल्ले में रखे एक लाख रुपये चुरा लिए। सुबह सवा तीन बजे नींद खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
0000000000000000
चोरी की बढ़ती वारदातों से क्षेत्र में दहशत
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत है। दुकानदार भी चोरी की घटना से सहमे हैं। पचेठी, परतिया, पूर्वांचल बैंक से सटे हार्डवेयर की दुकान, पुलिस चौकी के निकट किराना दुकान से चोरी, चौकी के सामने से बाइक चोरी, चौकी की निकट से साइकिल की चोरी की वारदातें लगातार हो रही हैं। पूर्व में भी तिलाठी व देवडीह प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरी की भी घटनाएं हो चुकी हैं। अनवरत हो रही इन चोरी की वारदातों ने लोगो की नींद उड़ा दी है। लोगो ने पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठाया है।