- ग्राम पंचायत गोंन्दौरा के राजस्व गांव डुमरिया का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोंन्दौरा के राजस्व गांव डुमरिया में खलिहान की जमीन में जल निगम द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रवण कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने धनघटा तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम धनघटा को शिकायती पत्र सौंपा।
नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोंन्दौरा के क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रवण कुमार के नेतृत्व में छोटेलाल, श्रीभागवत, जोगिंदर, बेचन प्रसाद, रामनिवास, लालमन, रामजतन, शिवदास, राम रमेश, राम केदार, विकास राय, कृष्णा राजभर, राममिलन, राम बुझावल, राधेश्याम आदि ने प्रदर्शन करते हुए बताया कि गोंन्दौरा ग्राम पंचायत के राजस्व गांव डुमरिया में खलिहान की जमीन है। इस जमीन पर जल निगम द्वारा जबरन पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है।
खलिहान की जमीन में पानी की टंकी बनाये जाने से किसानों को काफी नुकसान है। पूरे गांव के लोग इस खलिहान में धान के सीजन में आने पर धान की पिटाई व गेहूं के सीजन आने पर गेहूं की दौराही करते हैं। पानी की टंकी का निर्माण हो जाने से ऐसी कोई जमीन नहीं है। जहां खलिहान का काम किया जा सके। ऐसे में पानी की टंकी के हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन होगा।