रोसयाबाजार। धनघटा तहसील के आगापुर उर्फ गुलरिहा गांव में राजस्व विभाग की टीम ने पिछले माह गाटा संख्या 606 व 607 की पक्की पैमाइश कर पत्थर नसब कराया था। गांव के दबंगों ने पत्थर को उखाड़ कर उठा ले गए। पीड़ित ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई। डीएम ने इस संबंध में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम धनघटा को निर्देशित किया। डीएम के निर्देश के 15 दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। गांव निवासी धूपा देवी ने कहा कि आरोपी जानमाल की धमकी दे रहे हैं। विपक्षी लोग मिलकर राजस्व विभाग की ओर से सीमांकन के दौरान लगाए गए पत्थर को उखाड़ कर उठा ले गए। तहसील में इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पत्र में डीएम से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने व फिर से पत्थर नसब करने की मांग की। इस संबंध में एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।