संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित अर्दली रूम पर थाना धनघटा, मेंहदावल व बखिरा के बीट व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बीट अधिकारियों की बीट बुक का अवलोकन किया। उसमें अंकित सूचनाओं, शिकायतों एवं निराकरण की स्थिति को जाना। बीट बुक सही न मिलने पर नाराजगी जताते हुये स्पष्टीकरण तलब किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने बीट अधिकारी मुख्य आरक्षी सर्वजीत यादव व संतोष सिंह थाना बखिरा, महिला मुख्य आरक्षी मंजू निषाद व आरक्षी राजेश कुमार थाना मेंहदावल, आरक्षी मुकेश कुमार व प्रवीण कुमार थाना धनघटा की बीट बुक का निरीक्षण किया। निरीक्षक के दौरान बीट अधिकारी संतोष सिंह व प्रवीण कुमार को स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया। साथ ही उन्हें आदेशित किया कि बीट प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाएं। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, असामाजिक तत्वों, वांछित अथवा वारंटी अभियुक्तों पर निरंतर निगरानी रखें। इसमें किसी भी प्रकार की गैर जिम्मेदारी क्षम्य नहीं होगी। जिन आरक्षियों की प्रविष्टियां पूर्ण नहीं थीं, उन्हें एक हफ्ते बाद फिर अपने समक्ष बुलाने का आदेश दिया। थाना धनघटा के बीट अधिकारी मुकेश कुमार के बीट बुक सही मिलने पर 500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।