साइकिल मरम्मत की रकम मांगने पर दुकानदार को पीटा
सरेआम घटी घटना से आसपास के दुकानदार भी सहमे
धनघटा। क्षेत्र के पौली में साइकिल मरम्मत की रकम मांगने पर शनिवार को मनबढ़ युवक ने दुकानदार को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। लोग घायल दुकानदार को सीएचसी मलौली ले गए। प्राथमिक उपचार क बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पौली निवासी लालचंद गांव चौराहे पर साइकिल मरम्मत की दुकान संचालित करते हैं। आरोप है कि बगहिया गांव निवासी दीपक यादव साइकिल मरम्मत कराने के लिए उसकी दुकान पर आए। साइकिल की मरम्मत करने के बाद जब दुकानदार ने रकम मांगी तो वह मारपीट पर आमादा हो गया। दुकानदार का आरोप है कि लोहे की राड से उसके सिर पर प्रहार कर किया गया। उसके दाहिने आंख के ऊपर गंभीर चोटे आई हैं।
घायल अवस्था में लोगों ने दुकानदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली पहुंचाया, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सरेआम घटी घटना से आसपास के दुकानदार भी सहम गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ केडी सिंह ने बताया कि इस मामले में दीपक यादव पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।