जल चढ़ाने के साथ महादेव से मनुहार
महाशिवरात्रि पर्व पर तामेश्वरनाथ मंदिर में सबसे अधिक जुटे थे श्रद्धालु
पुलिस व्यवस्था रही बेहद चुस्त, मेले में दिखे जीवन के हर रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार को शिव मंदिरोंं में जलाभिषेक के लिए भक्तों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जगत का कल्याण करने वाले भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करने के लिए भोर से ही श्रद्धालु नहा-धोकर शिव मंदिरों की ओर चल पड़े। सर्वाधिक भीड़ तामेश्वरनाथ मंदिर में रही, जहां प्रात: दो बजे से दोपहर तक हजारों लोगों ने बाबा तामेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव को जल चढ़ाया। श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्जन के साथ अपने मनोवांछित कामनाओं को पूरा होने के लिए महादेव से मनुहार की।
शनिवार की भोर से श्रद्धालुओं का जत्था तामेश्वरनाथ मंदिर पर आना शुरू हो गया। श्रद्धालु तामेश्वरनाथ धाम के शिव मंदिर के सामने स्थित पोखरे से श्रद्धालु जल भर कर पंक्तिबद्ध होकर खड़े हो गए। पोखरे की परिक्रमा करते हुए श्रद्धालु मंदिर के सामने लाइन में लग रहे थे। शिव को जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने कपूर अगरबत्ती जलाई।
महिला श्रद्धालुओं ने इस दौरान कराही भी चढ़ाई। तामेश्वरनाथ धाम के मेला व्यवस्थापक समिति के सदस्य ब्रह्मशंकर भारती ने बताया कि रात्रि डेढ़ बजे गोसाई परिवार की पूजा-अर्चना के बाद सुदूर अंचलों से आए हुए श्रद्धालुओं ने भोर से ही सायं काल तक शिवार्चन, आरती, पूजा, जप, तप व वंदन किया। उनका दावा था कि विगत वर्षों की तुलना में इस बार काफी भीड़ रही। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ अंशुमान मिश्र, कोतवाल सर्वेश राय, एसआई राजेश यादव, यातायात निरीक्षक परमहंस समेत अन्य मौजूद रहे। हरिहरपुर संवाद के अनुसार बाबा मुंडेश्वरनाथ शिवमंदिर मुडियारी में क्षेत्र के लोगों का जमावड़ा रहा। कुआनो नदी से जल भर कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
...
मौत का कुआं और झूला रहा आकर्षण
तामेश्वरनाथ के शिव मंदिर में जलाभिषेक के बाद परिसर में लगे मेले में मौत का कुआं और झूला आकर्षण का केंद्र रहा। घरेलू सामान, कृषि उपकरण, सुहाग की वस्तुओं की खरीदारी ग्रामीण अंचलों से आए लोग करते देखे गए। खजले की दुकानें लोगों को लुभाती रहीं। गत वर्षों की तुलना में इस वर्ष खजले की दुकानों में बढ़ोत्तरी रही। लोग मेले का आनंद लेते रहे।