संतकबीरनगर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले के अस्पतालाें में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आज़ादी के अमृत महोसत्व में हम लें संकल्प, परिवार नियोजन को बनाएंगे खुशियों का विकल्प थीम के साथ मनाए जा रहे विश्व जनसंख्या दिवस के दौरान संगोष्ठी आयोजित करके परिवार नियोजन के फायदे बताए गए।
विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों से सारथी वाहन रवाना किए गए। वहीं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर नव दंपती के लिए आशीर्वाद समारोह आयोजित हुआ।
जिला अस्पताल में स्थित मातृत्व स्वास्थ्य विंग में सीएमओ डॉ अनिरुद्ध कुमार सिंह ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस बढ़ती आबादी से जुड़ी समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है। बढ़ती आबादी कई गंभीर समस्याओं का कारण बनती जा रही है।
किसी भी देश की जनसंख्या देश के लिए परेशानी का बड़ा कारण भी बन सकती है। देश में बढ़ती जनसंख्या से निपटने के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। अगर किसी चीज की कमी है तो वह है जागरुकता की। इस समस्या से निपटने के लिए परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधन मौजूद हैं।
इसके अलावा सीएमओ कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद से परिवार नियोजन के प्रति जागरुकता के लिए सारथी वाहनों को रवाना किया गया। इस दौरान परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल डॉ सोहन गुप्ता, अपर सीएमओ परिवार कल्याण डॉ मोहन झा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनीत श्रीवास्तव समेत मौजूद रहे।