दम घुटने से हुई थी वृद्धा की मौत
एसओजी टीम ने पीड़ित परिजनों से मिलकर जुटाई जानकारी
बखिरा (संतकबीरनगर)। एक सप्ताह पहले झुड़िया गांव स्थित पुलिया के नीचे गट्ठर में वृद्धा की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से वृद्धा की मौत होना आया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। शुक्रवार को एसओजी टीम ने वृद्धा के गांव महदेवा पहुंच कर पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई।
मेंहदावल क्षेत्र के महदेवा निवासी हरिलाल और हरिप्रसाद पुत्र रामनरेश चौहान ने बताया कि 70 वर्षीय मां फूला देवी नंदौर जाकर सब्जी बेचती थीं। शाम को घर आ जाती थीं। 18 नवंबर को घर नहीं लौटीं। नंदौर व आसपास के अलावा रिश्तेदारी में पता किया गया, लेकिन उनका पता नहीं चला।
19 नवंबर को मां की लाश मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। हरिलाल ने बताया कि मां के पास मोबाइल फोन भी था। उसी से बात होती थी। घटना के दिन से मोबाइल फोन का पता नहीं है।
इस मामले में शुक्रवार को एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र घटना की जानकारी जुटाने के लिए मृतक फूला देवी के परिजनों से मिले और पूछताछ की। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होना आया है। जल्द हत्या का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।