बहू को पीटने वाली सास हुई फरार, ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को रोका
पीड़ित बहू ने सास समेत चार पर दर्ज कराया केस
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के बेदौली गांव में शुक्रवार शाम सास-बहू की लड़ाई में बीच बचाव करने गए डायल 112 नंबर के पुलिस कर्मियों को गांव वालों ने रोक लिया। इसकी जानकारी थाने की पुलिस को हुई तो काफी संख्या में पुलिस कर्मी पहुंच गए। पुलिस ने डायल 112 नंबर के पुलिस कर्मियों को मुक्त कराया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सास समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बेदौली गांव में एक सास और बहू के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि सास ने बहू को मारपीट कर घायल कर दिया। सास की पिटाई से घर में रो रही बहू को बचाने पड़ोस के लोग आ गए। सास ने पड़ोसियों को अपशब्द कहकर भगा दिया। इस बात की जानकारी किसी ने डायल 112 नंबर पर दे दी तो थोड़ी देर में पुलिस पहुंच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस के सामने बहू को पीटने वाली सास भाग निकली। सास के फरार होते ही गांव के लोग उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों को रोक लिया। करीब एक घंटे तक पुलिस कर्मी वहां से थाने पर जाने के लिए गांव वालों से सिफारिश करते रहे। इसकी जानकारी एसओ को हुई तो उन्हाेंने थाने से पुलिस कर्मियों को भेजा, तब जाकर ग्रामीण डायल 112 नंबर की पुलिस को जाने दिया।
एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि बेदौली गांव की घटना है। सास और बहू में किसी बात पर विवाद हो गया था। सास ने बहू की पिटाई की थी। डायल 112 नंबर की पुलिस को रोका नहीं गया था। पुलिस गांव में खुद रुकी थी। इस मामले में पीड़ित बहू पूजा यादव पत्नी सुरेंद्र यादव की तहरीर पर आरोपी सास, पति, ससुर और देवर पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज किया गया है। आरोपी सास की तलाश की जा रही है।