जिला अस्पताल के दंत विभाग में लगा ताला
चिकित्सक व दंत स्वास्थ्य विज्ञानी की संबंद्धता समाप्त
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग में तैनात चिकित्सक और दंत स्वास्थ्य विज्ञानी की संबंद्धता समाप्त हो गई है। इससे विभाग में ताला लग गया है। मरीज शनिवार को लौट गए।
दंत रोग विभाग के चिकित्सक एके पाठक की सीएचसी सेमरियावां में तैनाती है। उन्हें जिला अस्पताल से संबंद्ध किया गया था। वह जिला अस्पताल और सीएचसी सेमरियावां में मरीजों को देखते हैं। उनकी अनुपस्थिति में दंत स्वास्थ्य विज्ञानी मदन चंद मरीजों का इलाज करते थे। दंत स्वास्थ्य विज्ञानी मदन चंद की तैनाती सीएचसी मलौली में है।
शुक्रवार को उनकी संबंद्धता समाप्त हो गई। वह मूल तैनाती वाले स्थल पर चले गए। जिला अस्पताल में इलाज कराने आए रामसुमेर गुप्त, विद्यावती व सरजू ने बताया कि दांत में काफी दिनों से दर्द है। डॉक्टर को दिखाने आए थे। विभाग में ताला बंद है। सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने बताया कि दंत स्वास्थ्य विज्ञानी की संबंद्धता समाप्त हो गई है। एक दंत रोग विशेषज्ञ चिकित्सक यहां पर संबंद्ध हैं। चिकित्सक की कमी से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।