-नगर पालिका प्रशासन ने अधिशासी अभियंता विद्युत को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार हुए करीब तीन साल होने को हैं, लेकिन अब तक इन क्षेत्रों की 50 हजार की आबादी को शहरी बिजली उपलब्ध नहीं हो सकी है। शहर में होते हुए भी लोगों को ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति हो रही है। अब नगर पालिका परिषद ने इसके लिए पहल की है और अधिशासी अभियंता विद्युत को पत्र लिखकर शहरी बिजली उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद का सीमा विस्तार एक अक्तूबर 2020 को हुआ था। 16 ग्राम पंचायतों की 50 हजार की आबादी शहर में शामिल हुई। इसमें सरैया, मिश्रौलिया, नेदुला, पटखौली, सरौली, बड़गो, खटौली, मैलानी, मोहद्दीनपुर, बेलवनिया, डीघा, कसैला, गौसपुर, बनियाबारी, सादिकगंज, उस्का खुर्द शामिल हैं। शहर में शामिल होने से यहां के लोगों में उम्मीद जगी कि उन्हें 24 घंटे बिजली की आपूर्ति मिलेगी, लेकिन अब भी इन इलाकों को ग्रामीण क्षेत्र की बिजली दी जा रही है। पुराने बिजली के उपकरणों से आपूर्ति के कारण लोकल फाल्ट की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र के राधेश्याम, दिलीप कुमार ने कहा कि बगल के क्षेत्र में बिजली रहती है, क्योंकि यह क्षेत्र पहले से ही नगर पालिका की सीमा है, लेकिन नए शामिल क्षेत्र में बिजली नहीं रहती है। इससे समस्या बनी हुई है। इन लोगाें ने शहरी बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। अब नगर पालिका प्रशासन ने विस्तारित क्षेत्रों में शहरी बिजली आपूर्ति के लिए पहल की है।
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन जगत जायसवाल ने कहा कि करीब तीन साल से सीमा विस्तारित क्षेत्र के लोगों को शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति का इंतजार है। इसके लिए पहल की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इन क्षेत्रों को भी शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति हो सकेगी।