महुली क्षेत्र के खरवनिया खुर्द में सोमवार को बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर कर लौट रही भतीजी और चाचा की रास्ते में घेरकर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी नाथनगर पहुंचाया।
क्षेत्र के टिकरी धनज्वल की रहने वाली सृष्टि कुमारी पुत्री अरुण कुमार बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। पढ़ाई करने के साथ वह भगवानपुर पश्चिमी गांव में कोचिंग सेंटर में हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को पढ़ती है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह कोचिंग पढ़ाकर घर जा रही थी। वह खरवनिया खुर्द गांव के पास पहुंची थी। आरोप है कि खरवनिया खुर्द निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति से किसी बात पर उसकी कहासुनी हो गई।
सृष्टि ने इसकी जानकारी चाचा सर्वेश को दे दी। चाचा के आने के बाद उस शख्स से उनकी हाथापाई हो गई। उसी दौरान कुछ लोग और पहुंच गए। आरोप है कि लोग गोलबंद होकर सृष्टि और सर्वेश कुमार को लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी हरिहरपुर वीरेंद्र कुमार मिश्र पुुलिस कर्मियों के साथ पहुंच गए।
चौकी प्रभारी वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है। घायलों के स्वस्थ होने पर ही आगे की जानकारी हो पाएगी। एसओ संतोष मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।