समाधान दिवस के अवसर पर बखिरा थाने पर फरियादियो की समस्या सुनते डीएम प्रेम रंजन सिंह और एसपी सत्
समाधान दिवस : पैमाइश नहीं होने से आवास निर्माण में अड़चन, जेई दे रहे केस दर्ज कराने की धमकी
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर/धनघटा। शनिवार को जिले के सभी थानों में समाधान दिवस आयोजित हुआ। महुली थाने में एडीएम व एएसपी ने लोगों की फरियाद सुनी। हरिहरपुर निवासी फरियादी ने दर्द सुनाया। आरोप है कि उसके बैनामा शुदा जमीन की पैमाइश नहीं होने से सरकार से मिले आवास का निर्माण नहीं हो पा रहा है। निर्माण नहीं होने की वजह से जेई केस दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। वह पैमाइश कराने के लिए भटक रहे है। ऐसे ही कई अन्य फरियादी उम्मीद लेकर आए और निराश होकर लौट गए।
एडीएम मनोज कुमार सिंह, एएसपी संतोष कुमार सिंह ने महुली थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। हरिहरपुर निवासी शिवेंद्र कुमार शुक्ला ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि बैनामे की जमीन की पैमाइश के लिए तीन महीनों से समाधान दिवस और तहसील का चक्कर लगा रहे हैं। किसी तरह एसडीएम से पैमाइश का आदेश कराया, लेकिन लेखपाल और कानूनगो आदेश को नहीं मान रहे हैं। बार-बार उन्हें दौड़ाया जा रहा है। उन्हें सरकार से प्रधानमंत्री आवास मिला है। रकम खाते में आ चुका है, लेकिन जमीन की पैमाइश न होने से आवास नहीं बन पा रहा। आवास से संबंधित जेई आवास न बनने के कारण एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। बैरागीपुर के रहने वाले रामशब्द ने बताया कि उनके साथ अन्य लोगों के घरों से जलनिकासी के लिए ग्राम पंचायत निधि से बनाई गई नाली को प्रधान ने रंजिश में तोड़वा दिया। अब उस जगह पर अपने चहेते का मकान बनवा दिए हैं। नाथनगर निवासी योगेंद्र प्रसाद उर्फ वीरेंद्र ने शिकायत की कि घर के बगल में स्थित गली में कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। पशुओं को बाहर निकालने में दिक्कत हो रही है। समस्या के समाधान के लिए वह महीनों से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न्याय नहीं मिल पा रहा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने का भरोसा दिया। यहां चार मामले आए और एक मामले का मौके पर निस्तारण हो पाया। इस मौके पर सीओ दीपांशी राठौर, एसओ संतोष मिश्र व लेखपाल मौजूद रहे।
डीएम प्रेम रंजन सिंह और एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बखिरा थाने में फरियाद सुनी। डीएम ने कहा कि जमीन संबंधी विवाद को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मिलकर निस्तारित कराए। जिन प्रार्थनापत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन पर रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारी को प्रेषित करें, जिससे समय से उचित निस्तारण कराया जा सके। यहां चार मामले आए और एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो पाया। इसी तरह कोतवाली, दुधारा, मेंहदावल, धनघटा, बेलहर कला, धर्मसिंहवा में समाधन दिवस आयोजित हुआ है। सभी थानों में कुल 40 मामले आए और नौ मामलों का ही निस्तारण है। शेष 31 मामले संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निस्तारण के लिए सौंपा गया।