- महुली क्षेत्र के सतहरा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के सतहरा गांव में शनिवार को तहसीलदार योगेन्द्र पांडेय की देखरेख में तालाब और बंजर की जमीन में बने विद्यालय भवन को गिराकर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान काफी संख्या में महुली और धनघटा पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
तहसीलदार के मुताबिक सतहरा गांव में स्थित गाटा संख्या 64 (क) भू अभिलेख में तालाब दर्ज है और बगल में बंजर की जमीन है। उस भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर विद्यालय भवन बना दिया गया था। ग्राम प्रधान संतोष कुमार, बीबीसी राम सहाय चौधरी, गुड्डू, सुशील आदि ने धनघटा तहसील में ग्राम सभा बनाम अज्ञात के खिलाफ बाद दाखिल किया था।
इस दौरान दो बार अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित पक्ष हाईकोर्ट से डायरेक्शन ले आया और कमिश्नर से मिलकर मामले से अवगत कराया। कमिश्नर के आदेश पर शनिवार को तहसीलदार योगेन्द्र पांडेय, कानूनगो तिलकराम, लेखपाल विजय सिंहानिया धनघटा और महुली थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर दो जेसीबी लेकर पहुंचे।
तहसीलदार के निर्देश पर भवन को जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान सतहरा के अलावा अन्य गांव के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। मुखलिसपुर चौकी प्रभारी बीरेंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मुस्तैद रही।