भाजपा में बैठक में बनाई गई कार्यक्रमों की रूपरेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीर नगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें 15 सितंबर तक चलने वाले मेरा माटी मेरा देश
अभियान की सफलता के लिए रूपरेखा तय की गई।
बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदे मातरम गीत के साथ की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया की पार्टी ने मेरा माटी मेरा देश अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया की इस अभियान के माध्यम से पार्टी के कार्यकर्ता आठ से 13 सितंबर तक ग्राम सभा व वार्ड स्तर पर हर घर से मिट्टी संग्रह कर एक कलश में भरेंगे। इसके साथ प्रत्येक गांव में 75 पौधे लगाकर अमृत वाटिका बनाएंगे। प्रत्येक वार्ड से हर घर से एक चुटकी चावल संग्रह किया जाएगा। ब्लाॅक में सामूहिक रूप से सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम होगा। जिसमें युवा, महिला, किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, शिक्षक सहभागिता निभाएंगे। शहीदों के सम्मान के साथ ही बैड वादन होगी। इसी क्रम में देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले ‘वीरों’ को श्रद्धांजलि दिया जाएगा। गांव, पंचायत, प्रखंड, कस्बे, शहर, नगर पालिका आदि के स्थानीय वीरों के बलिदान की भावना को सलाम करने वाली शिलाफलकम या स्मारक पट्टिकाएं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगाई जाएगी। इसमें उस क्षेत्र से संबंधित लोगों के नाम के साथ प्रधानमंत्री का संदेश होगा, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन न्योछावर किया है। इस दौरान अभियान प्रभारी एवं जिला संयोजक गणेश पांडेय, सह संयोजक गौरव निषाद, हैप्पी राय, अमर राय, अनिल पांडेय, अरुण सिंह, अशोक यादव, सतविंदर पाल, भगवान दास, भूपेंद्र तिवारी, शिवाजी शुक्ल आदि मौजूद रहे।