- पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के खुले पट
- मंदिरों में देवी दर्शन को जुटे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को सप्तमी पूजन के बाद पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के नेत्र पट खोल दिए गए। मां दुर्गा के मनोहारी रूपों को देखने के लिए पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नौ दिन तक चलने वाले नवरात्र पर्व में वैसे तो हर दिन भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन सप्तमी का दिन कुछ खास होता है। इस दिन माता के पूर्ण रूप के दर्शन होते है।
बुधवार को सप्तमी पर पंडालों से नेत्र पट खोलने का कार्यक्रम शुरू हुआ। कुछ जगहों पर तो दिन में ही पट खोल दिए गए, वहीं कुछ जगहाें पर शाम को पट खोले गए। जिला मुख्यालय के मां समय जी स्थान, मुखलिसपुर रेलवे क्रासिंग स्थित बाल ग्रुप दुर्गा पूजा सेवा समिति, रामनगर में दुर्गा पूजा समिति, नव युवक कमेटी सब्जी मंडी, नव युवक दुर्गा समिति बेलहर कला, लक्ष्मी नारायण मंदिर में मां दुर्गा की पूजा अर्चन के बाद वैदिक मंत्रों के बीच देवी के नेत्र पठ खोले गए। इसी तरह से मेंहदावल, बघौली, सेमरियावां, धनघटा, बेलहर, सांथा, हैंसर, नाथनगार, पौली, हरिहरपुर आदि ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के पट खोले गए। जहां काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मांग के रूप के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किए। समय माता मंदिर के पुजारी ब्रजेश मिश्र ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन देवी कालरात्रि की आराधना व पूजा अर्चन श्रद्धालुओं ने की।