मेहदावल। राप्ती नदी के किनारे स्थित ग्राम पंचायत नौगां तथा बढ़या ठाठर में शुक्रवार को तहसीलदार ने बाढ़ राहत चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। तहसीलदार निशा श्रीवास्तव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ राहत चौपाल लगाने के पीछे शासन की मंशा यह है कि लोग जागरूक बने। राप्ती नदी के किनारे बसे गांव चौपाल लगाने के पीछे प्रशासन की मंशा है कि ऐसी आपदा आने पर लोग धैर्य न खोए बल्कि बचाव के गुर को सीखें। इस क्षेत्र में वर्तमान समय में बाढ़ की कोई आशंका नहीं है। राप्ती का जलस्तर काफी नीचे है। तटबंध को बाढ़ निरोधक कार्य कराकर ड्रेनेज खंड द्वितीय के अधिकारियों ने मजबूत करने का प्रयास किया है। जल स्तर की निगरानी कराई जा रही है। तहसीलदार ने ग्रामीणों की समस्या भी सुनी मौके पर राजस्व निरीक्षकों की टीम भी मौजूद रही। इस दौरान श्रीराम, संदीप सिंह, शंभू यादव, राणा सिंह, श्रीधर, प्रमोद, तारकेश्वर यादव, रामचंदर आदि मौजूद रहे।