रविवार की सुबह एक युवक की इंजेक्शन लगाने के बाद हो गई थी मौत
पत्नी ने डीएम और एसपी से की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम के निर्देश पर सोमवार को अपर सीएमओ के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने भुजैनी स्थित एक अस्पताल की जांच की। 31 दिसंबर को एक युवक को इंजेक्शन लगाने के दौरान मौत हो गई थी। इसकी शिकायत युवक की पत्नी ने डीएम से की थी।
महुली क्षेत्र के घोरहट निवासी सूर्यमती ने डीएम और एसपी को शिकायत पत्र देकर कहा था कि उनके पति धर्मेंद्र (42) के पेट में दर्द होने पर 15 दिसंबर को जिला अस्पताल में दिखाया। वहां इलाज चल रहा था कि बेहतर इलाज के चक्कर में 22 दिसंबर को पति को भुजैनी स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गई। जहां डॉक्टर ने देखने के बाद भर्ती कर लिया। उसके बाद 23 दिसंबर को डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। इसके बाद तीन हजार रुपये जमा करा लिया।
इसके बाद शनिवार की देर रात तीन बजे के करीब पति के पेट में फिर दर्द होने लगा। अस्पताल के कर्मचारियों ने आकर पति को इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद पति की मौत हो गई। उसके बाद अस्पताल का कोई कर्मचारी देखने नहीं आया। अस्पताल कर्मियों ने शव को गाड़ी में लादकर घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
शिकायत के बाद डीएम के निर्देश पर अपर सीएमओ डॉ. रामरतन, डिप्टी सीएमओ डॉ. शैलेंद्र, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डाॅ. मुबारक अली अस्पताल पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने अस्पताल में हुए इलाज का पूरा ब्योरा तलब किया। इसके साथ ही पीड़िता को साक्ष्य के साथ सीएमओ कार्यालय बुलाया है। अपर सीएमओ डॉ. रामरतन ने बताया कि जांच की जा रही है।