-राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पारसनगर बेलहर के चार शिक्षक नाराज
-डीएम, डीआईओएस व माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी को दी गई सूचना
संतकबीरनगर। दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद चयन वेतनमान की पत्रावली प्रस्तुत न करने से नाराज राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पारसनगर बेलहर के चार शिक्षक चार सितंबर से कलक्ट्रेट में धरने पर बैठेंगे। इसकी सूचना डीएम, डीआईओएस व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी को दी गई है।
सहायक अध्यापक जितेन्द्र कुमार, मो. आलम अंसारी, मूलचंद कुमार, प्रवक्ता श्याम करण भारती ने बताया कि वे लोग 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण कर चुके हैं। उसके बाद चयन वेतनमान का लाभ दिए जाने का प्रावधान है लेकिन विद्यालय के लोग लाभ नहीं देना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में डीआईओएस को कई बार प्रार्थना पत्र देते हुए चयन वेतनमान का लाभ अनुमन्य किए जाने का अनुरोध किया गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हम सब मानसिक व आर्थिक उत्पीडन झेल रहे हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष महेश राम व जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने कहा कि चयन वेतनमान प्रकरण को लेकर पिछले कई जिला विद्यालय निरीक्षकों से निरंतर पत्र व्यवहार किया जा रहा है लेकिन उनके जरिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।