-लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की, 11 मर्च को बीएसए कार्यालय पर देंगे धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने मंगलवार को पांचवे दिन स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी का काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। साथ ही 11 मार्च को बीएसए कार्यालय पर धरना देने की रणनीति तय की।
संघ के खलीलाबाद ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीआरसी खलीलाबाद पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। चंद्रशेखर मिश्र ने कहाकि संगठन शिक्षक विरोधी आदेश के नियमों को विरोध करेगा। सरकार ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगो की अनदेखी कर नए नए आदेश शिक्षको पर लागू कर रहा है। जिसका संगठन विरोध करता है। आनलाइन हाजिरी के लिए सिम भी दिया जाए। इस दौरान ज्ञानेंद्र, अरविंद चौधरी, प्रीतिलता, ऊषा रानी, अर्चना, अंजू, बीनू राय, दिवाकर त्रिपाठी, दिलीप सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। इसी तरह से बीआरसी सेमरियावां पर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने काली पट्टी बांध का विरोध जताया। संघ के महामंत्री अब्दुर्रहीम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जलालुद्दीन, शमीम अहमद, अनिल कुमार, राम जीत, पीताम्बर, अनुराग राय, राजेश पांडेय ने अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षकों से अपील की। अब्दुर्रहीम ने कहा कि डिजिलाइटेशन का पूरा विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार टैबलेट चलाने के लिए सिम की व्यवस्था करे। शिक्षक अपने निजी रिकार्ड पर सिम नहीं लेंगे। उन्होंने कहाकि मांगे न माने जाने की दशा में 11 मार्च को पूरे प्रदेश में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए के माध्यम से दिया जाएगा।