संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों को अपने जिले के पसंदीदा विद्यालयों में तैनाती मिल सकेेगी। इसके लिए अंतरजनपदीय स्थानांतरण शुरू हो गया है। छह जून से शिक्षकों से आवेदन लिया जाएगा। आवेदन आने के बाद प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाएगा। इसमें जिले के 350 शिक्षकों को लाभ मिलेगा। इसको लेकर विभाग तैयारी में जुट गया है।
जिले में 1247 परिषदीय स्कूल हैं। इसमें 192 उच्च प्राथमिक, 805 प्राथमिक विद्यालय और 250 कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें करीब 3315 शिक्षक कार्यरत हैं। छह जून से स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा। जो 15 दिनों तक चलेगा। आवेदन पत्र का प्रिंट आउट बीएसए कार्यालय पर जमा करना होगा। इसके बाद 15 दिन के अंदर शिक्षकों के आवेदन की पात्रता की जांच होगी। आवेदन सत्यापन के बाद बीएसए एक माह के अंदर जिला स्तरीय समिति से संस्तुति कराएंगे। शिक्षकों के स्थानांतरण संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति जिला स्तरीय समिति के समक्ष रखी जाएगी।
आपत्ति निस्तारण के बाद शिक्षकों का स्थानांतरण होगा। इस प्रकिया में करीब दो माह का समय लगेगा। स्थानांतरण के लिए महिला शिक्षक दो वर्ष और पुरुष शिक्षक पांच वर्ष की सेवा पूर्ण कर लिए हों, वह पात्र होंगे। जिले में कार्यरत शिक्षकों की संख्या का 10 प्रतिशत ही स्थानांतरण किया जाएगा। पारस्परिक स्थानांतरण में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों की सहमति होना अनिवार्य है। अंतरजनपदीय स्थानांतरण ग्रामीण सेवा संवर्ग से ग्रामीण सेवा संवर्ग एवं नगर सेवा से नगर सेव संवर्ग में किया जाएगा।
00000000000000
शिक्षकों का जिले में स्थानांतरण किया जाना है, जिले में कुल 3315 शिक्षक कार्यरत हैं, इसमें से 10 प्रतिशत का ही स्थानांतरण किया जाना है। छह जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, उसके बाद आवेदन पत्रों की जांच होगी, आपत्ति मांगी जाएगी, फिर कमेटी की संस्तुति के बाद आगे जैसा निर्देश आएगा उसके अनुसार स्थानांतरण किया जाएगा।
-अतुल कुमार तिवारी, बीएसए