संतकबीरनगर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले बेसिक शिक्षकों ने बुधवार को पदयात्रा निकाली। इसके बाद प्रदेश संगठन के आह्वान पर महानिदेशक को संबोधित 22 सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय के पास से कलक्ट्रेट तक पद यात्रा की।
इसके बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें पुरानी पेंशन बहाल करने, नि:शुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने तथा प्रत्येक विद्यालय में विभागीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए एक संविदा कर्मी को नियुक्त करने की मांग की। महासंघ ने ऑनलाइन निरीक्षण पर रोक लगाने, प्रतिवर्ष नियमित स्थानांतरण करने, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सीमा 10 प्रतिशत से 20 प्रतिशत करने तथा पारस्परिक अंतरजनपदीय स्थानांतरण के जारी आदेश का तत्काल क्रियान्वयन कराए जाने की पुरजोर मांग की।
इसके साथ ही शिक्षकों की पदोन्नति करने,15 दिन का उपार्जित अवकाश देने, हॉफ-डे लीव अवकाश, सामूहिक बीमा योजना एवं दुर्घटना बीमा, स्कूल में चौकीदार रखने आदि मांगों के समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में जल्द ही आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान महासंघ के धर्मेंद्र नाथ राय, रेनू अग्रहरि, आरिफ़ जमाल अंसारी, दिनेश कुमार शुक्ल, श्याम नारायण सिंह, जनार्दन यादव, आलोक यादव, मनोज पांडेय, हरिप्रकाश पाठक, सर्वेश त्रिपाठी, जय प्रकाश राव, रामकेश, संदीप दूबे, संदीप त्रिपाठी, योगेंद्र यादव, अंशुमान सलभ, इजहार, सर्वेश राय, जयप्रकाश, आनंद सिंह, अमरेश चौधरी, संतोष पांडेय, सुधाकर मिश्रा, कमलेश यादव आदि पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।