-श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, मोहर्रम की तैयारियों को लेकर की बैठक
-मंदिरों की साफ- सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह व पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र बस्ती आरके भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर व एसपी सत्यजीत गुप्ता की उपस्थिति में श्रावण मास, कांवड़ यात्रा व मोहर्रम के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की। कलक्ट्रेट सभागार में कानून व सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शांतिप्रिय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण की परम्परा को बनाए रखते हुए त्योहारों को भाई-चारे के साथ मनाएं। बिजली, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका एवं डीपीआरओ को निर्देशित किया कि शहर एवं ग्रामीण इलाकों में शिवालयों सहित समस्त मंदिरों की साफ-सफाई सुनिश्चित करा ली जाए।
कहा कि इस बार 22 जुलाई से 19 अगस्त तक श्रावण मास के दौरान कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न शिवालयों पर जलाभिषेक किया जाएगा। साथ ही आठ से 17 जुलाई तक मोहर्रम मनाया जाना है। उन्होंने सभी एसडीएम, सीओ, थाना प्रभारियों को निर्देशित आवश्यकतानुसार शांति समिति के सदस्यों एवं संबंधित एसडीएम के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित कर लें कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे। मोहर्रम एवं कांवड़ यात्रा के लिए जो रूट निश्चित हो उसी रूट का पालन किया जाए। आवागमन के रास्तों में विद्युत पोल, विद्युत तार का संयोजन आदि व्यवस्था को सुनिश्चित कर लिया जाए।
तामेश्वर धाम में बिजली के तार जर्जर होने की सूचना पर मंडलायुक्त ने अविलम्ब उसे बदलने के निर्देश अधिशाषी अभियंता विद्युत को दिए। आईजी आर के भारद्वाज ने श्रावण मास के दौरान पड़ने वाले पांच सोमवार पर तामेश्वर धाम सहित सभी शिवालयों पर विशेष सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, एडीएम जय प्रकाश, सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, एसडीएम धनघटा रमेश चंद्र, एसडीएम मेंहदावल उत्कर्ष श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
एडीजी ने तामेश्वरनाथ धाम पहुंच तैयारियों का लिया जायजा
संतकबीरनगर। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन डाॅ. केएस प्रताप कुमार व पुलिस महानिरीक्षक बस्ती आरके भारद्वाज ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने व सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत डीएम महेंद्र सिंह तंवर व एसपी सत्यजीत गुप्ता के साथ शिव मंदिर तामेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक की तैयारियों, जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवरियों की सुरक्षा एवं मेला स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्था कर ली जाए। यातायात डायवर्जन प्लान को कडाई से लागू कराते हुए ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए के भी निर्देश दिए।