संतकबीरनगर। नेशनल हाईवे पर स्थित चुरेब रेलवे क्राॅसिंग के पास बुधवार की देर शाम जुलूस के दौरान एक ताजिया हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। ताजिये में करंट उतर जाने से जुलूस में शामिल एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मुहर्रम की दसवीं पर बुधवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के भाटपार और आसपास के गांवों से ताजिये का जुलूस निकाला गया था। शाम पांच बजे के आसपास जुलूस चुरेब रेलवे क्राॅसिंग पार कर रहा था कि इस दौरान एक ताजिया रेलवे के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे ताजिया में करंट उतर गया और जुलूस में शामिल पांच लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ताजिया के साथ चल रहे युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया, पुलिस ने उन्हें शांत कराया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और प्राइेवट वाहनों से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
भाटपार गांव निवासी मोहम्मद इलियास उर्फ सोनू (24 वर्ष) पुत्र मोहम्मद अली को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे अब्दुल कलाम (21 वर्ष) पुत्र अब्दुल कादिर, रामसुभग (65 वर्ष) पुत्र चंद्रबली, अब्दुल करीम (28 वर्ष) पुत्र नाजिम अली और नूर अहमद उर्फ शहजाद (22 वर्ष) पुत्र बेलाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मोहम्मद इलियास के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी के डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी सत्यजीत गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।