छत्तीसगढ़ के सहायक श्रमायुक्त ने डीएम और एसपी को भेजा था पत्र
- प्रशासन, पुलिस और श्रम विभाग की टीम जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल तहसील क्षेत्र में संचालित एक ईंट भट्ठे पर कुछ मजदूरों को बंधक बनाने की सूचना पर बृहस्पतिवार की देर शाम प्रशासन, पुलिस और श्रम विभाग की टीम ने छापा मारा। भट्ठे पर बिलासपुर छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो परिवारों के 18 सदस्य मिले। मजूदरों ने भट्ठा मालिक पर प्रताड़ित करने और मजदूरी की रकम न देने का आरोप लगाया। टीम मौके पर जांच में जुटी है।
सीओ राजीव यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सहायक श्रमायुक्त ने डीएम और एसपी को पत्र भेजा था, जिसमें कहा है कि बिलासपुर छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो परिवारों के सदस्य मजदूरों को मेंहदावल क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर बंधक बना लिया गया है। मजदूरों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
इसी सूचना के आधार पर सीओ राजीव यादव , तहसीलदार निशा श्रीवास्तव, सहायक श्रमायुक्त कार्यालय बस्ती के लेखाकार अखिलेश पाठक और एसओ मेंहदावल रविंद सिंह ने संयुक्त रूप से उक्त ईंट भट्ठे पर छापा मारा। मौके पर दो मजदूर परिवारों के 18 सदस्य मिले। पूछताछ में मजदूरों ने भट्ठा मालिक पर मजदूरी की रकम न देने और बंधक बनाने का आरोप लगाया, जबकि भट्टा मालिक मौके पर नहीं मिले।
भट्ठा मालिक के मुंशी ने आरोप लगाया कि मजदूरों ने एडवांस में मजदूरी ले ली है। बंधक बनाने का आरोप गलत है। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय बस्ती के लेखाकार पीड़ित मजदूरों का बयान दर्ज करने में जुटे हुए थे। लेखाकार अखिलेश पाठक ने बताया कि बिलासपुर छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के 18 सदस्य मौके पर हैं। मजदूरों को मुक्त करा कर उन्हें बिलासपुर छत्तीसगढ़ भेजवाए जाने का प्रबंधक किया जा रहा है। इस मामले में रिपोर्ट देकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। उसके बाद जैसा निर्देश होगा, वैसी कार्रवाई की जाएगी।