विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात रहे आईटीआई प्रशिक्षु
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौते को लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को विद्युत कर्मी कार्य बहिष्कार कर धरना पर बैठ गए। इसका असर विद्युत उपभोक्ताओं पर पड़ने लगा है। धर्मसिंहवा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जहां लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है, उसे ठीक करने के लिए कर्मी नहीं जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने बिजली आपूर्ति बहाल रखने के लिए विद्युत उपकेंद्रों पर आईटीआई प्रशिक्षुओं को लगाया है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त समिति के आह्वान पर विद्युत कर्मी कार्य बहिष्कार कर धरना दे रहे हैं। 16 मार्च से हड़ताल का एलान किया है। इसको देखते हुए प्रशासन ने विद्युत उपकेंद्रों पर आईटीआई प्रशिक्षुओं की तैनाती की है, ताकि आपूर्ति बाधित न हो। सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं।
धर्मसिंहवा संवाद के अनुसार विद्युत कर्मियों के कार्य बहिष्कार का असर जिले के उत्तरी छोर पर स्थित नगर पंचायत धर्मसिंहवा, राजेडीहा कस्बा सहित 50 गांवों पर पड़ा है। बुधवार को सुबह दस बजे से ही इन क्षेत्रों में दिनभर बिजली गुल रही। यहां पर पूरा दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही।
हालांकि, इलाके के बौरव्यास फीडर से आपूर्ति होने वाले गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल रही। सिद्धार्थनगर के खेसरहा विद्युत उपकेंद्र से गोइठंहा, पसाई, लेदवा, महला, फेउसा, डबरा, राजेडीहा, धौराहरा, उड़सारे, पौनी, चवरही, सौरहा, बजहीं, सुकरौली, गौरी राई, केंचुआ खोर, बढ़या, भानपुर माफी, बजही,सोहंसा, पाखापार, बरगदवा, बेलराई आदि गांव की विद्युत आपूर्ति दिनभर ठप रही।
विद्युत आपूर्ति न होने से पानी की टंकी अगर खाली हो गई। मजबूरी में हैंडपंप के सहारे पानी लेना पड़ा। बिजली न रहने से दुकानदार भी परेशान रहे। ई-रिक्शा चालक भी प्रभावित हुए। क्षेत्र के निवासी राम हित, सुरेंद्र कुमार आदि ने बताया कि सिद्धार्थनगर से विद्युत आपूर्ति होने से दिक्कत है। ऐसे में इस क्षेत्र में भी जनपद से ही बिजली आपूर्ति होनी चाहिए।
...
तार टूटने से डेढ़ घंटे गुल रही बिजली
मेंहदावल कस्बे के अंजोरिया बाजार में तार टूटने के कारण करीब डेढ़ घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। हालांकि विद्युत फाल्ट ठीक करने पहुंचे कर्मचारियों ने टूटे हुए तार को दुरुस्त कर पुन: विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चालू कराई। नई बाजार में विद्युत फाल्ट की शिकायत आने पर कर्मचारी भेजकर ठीक कराया गया। अधिशाषी अभियंता सरोज कुमार ने कहा कि विद्युत कर्मचारियों के हड़ताल को देखते हुए शासन के निर्देश पर विद्युत फाल्ट दुरुस्त करने के लिए अलग से कर्मचारी लगाए गए हैं। यहां के सभी फीडर से विद्युत आपूर्ति हो रही है कहीं से कोई दिक्कत परेशानी नहीं है। इसी तरह धनघटा क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई हैं।