- सरकारी कार्यालयों व विद्यालय परिसर में भरा पानी
- बच्चों को स्कूल जाने में झेलनी पड़ रही परेशानी
- अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम 27 डिग्री रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोमवार की रात से हो रही झमाझम बारिश के चलते गर्मी के तेवर ठंडे पड़ गए हैं, लेकिन शहर में जगह-जगह जलभराव की वजह से लोगों को जूझना पड़ रहा है। शहर में तो तालाब जैसा दृश्य दिखाई दिया। साथ ही सरकारी कार्यालयों, विद्यालय परिसर में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। फरियादियों व स्कूली बच्चों को पानी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। दूसरी तरफ धान की रोपाई में तेजी आ गई है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मंगलवार इधर देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन शहर के गोला बाजार, डाक बंगला के सामने, बैंक चौराहा, अंसार टोला, बरई टोला, मड़या, तितौवा, बरदहिया बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है। घरों के सामने जलभराव होने से लोग परेशान रहे। पटरियों पर पानी लग जाने से दुकानदाराें को भी सांसत झेलनी पड़ी।
इसके अलावा जिला अस्पताल परिसर, सीएमओ कार्यालय, जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद, प्राथमिक विद्यालय पटखौली आदि के परिसर में भी जलभराव है। इसके चलते जहां फरियादियों को परेशानी झेलनी पड़ी वहीं स्कूली बच्चे भी छुट्टी होने से पानी से होकर आने-जाने के लिए मजबूर हुए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में भी जलभराव होने से आने-जाने वाले लोग परेशान रहे। सड़कों पर कीचड़ फैलने से हादसे का डर सता रहा है।
ऐसी स्थिति नाथनगर, महुली, धनघटा, हैंसर बाजार, सेमरियावां, मेंहदावल, नंदौर, बखिरा आदि बाजारों की भी रही। शहर निवासी दिग्विजय कुमार, प्रिंस आदि ने कहा कि पालिका प्रशासन ने समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था की होती तो लोगों को समस्या से राहत मिलती। पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी के लिए कदम उठाए।
धान की रोपाई में आई तेजी
लगातार हो रही तेज बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। जिन किसानों की बेहन तैयार हो गई है, वह धान की रोपाई में जुट गए हैं। साथ ही धान की रोपाई में तेजी आ गई है। किसान जर्नादन, राम करन आदि ने कहा कि तेज बारिश होने से महंगे डीजल खरीदकर सिंचाई करने से राहत मिली है। जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि अच्छी बारिश खेती के लिए फायदेमंद हैं। इससे किसानों को सिंचाई से राहत मिल गई है। सब्जी उगाने वाले किसानों को चाहिए कि खेत से पानी की निकासी करें, ताकि सब्जियां खराब न हो।
मौसम में अभी एक सप्ताह तक नरमी रहेगी। बीच-बीच में कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश होती रहेगी। इससे गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है।
- अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक, कुमारगंज अयोध्या