धनघटा। निकाय चुनाव के दूसरे चरण की तिथि नजदीक आने के साथ चुनावी चर्चा ने जोर पकड़ ली है। गली, मोहल्ले से लेकर चौराहों, चाय-पान की दुकानों समेत स्कूल कॉलेजों में अध्यक्ष और सदस्य के चुनाव पर भी चर्चा छिड़ी है।
नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा के मतदाता पहली बार निकाय चुनाव में मतदान करने जा रहे हैं। पहली बार नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त करने वाले इस नगर में जलनिकासी समेत मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नगर पंचायत में स्थित रामेश्वर प्रसाद मौर्य स्मारक इंटर कॉलेज ठाकुराडाडी धनघटा में अमर उजाला की ओर से चुनावी चर्चा आयोजित की गई। इसमें शिक्षकों ने खुलकर अपनी बातें रखीं। कहा कि अध्यक्ष हो या सदस्य, सबके लिए शिक्षित होने के साथ-साथ बेदाग छवि का होना पहली शर्त होनी चाहिए। चुनाव जीतने के बाद अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और बगैर किसी भेदभाव के साथ निर्वहन करना चाहिए।
नगर पंचायत के लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य को समझाना होगा। शिक्षक रामकेवल यादव ने कहा कि अध्यक्ष और सदस्य को बेदाग छवि का होना चाहिए। वहीं, नगर पंचायत की समस्याओं को दूर करने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। नवगठित नगर पंचायत में जलनिकासी, टैक्सी स्टैंड समेत कई समस्याएं ऐसी हैं, जो आम लोगों को प्रभावित कर रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का समाधान होना चाहिए। शिक्षक आनंद सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद अधिकतर नेता अपने कर्तव्य को भूलकर जनता से दूरी बना लेते हैं। इस कारण जनसमस्याएं ज्यों की त्यों बनी रहती हैं।
नव गठित नगर पंचायत का अध्यक्ष और सदस्य ऐसा होना चाहिए, जो ज्यादातर समय जनता के बीच दे। जनता की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुने और उसका निदान कराए। शिक्षक प्रदीप ने कहा कि अध्यक्ष और सदस्य ऐसा हो, जो धनघटा में बरसों से चली आ रही जलनिकासी की समस्या का समाधान आसानी के साथ करा सके। एक-दूसरे वार्डों को जोड़ने के लिए अच्छी सड़कों का निर्माण करा सके। वार्डों में व्याप्त गंदगी की सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सरकार से संचालित शहरी योजनाओं को नगर पंचायत में लाकर नगर पंचायत की आम जनता को उसका लाभ पहुंचाने का काम करना चाहिए। शिक्षक पूजा ने कहा कि अध्यक्ष और सदस्य ऐसा होना चाहिए, जो ठेले और खोमचे वालों को व्यवस्थित करने के साथ-साथ पटरी के दुकानदारों के लिए जगह की भी व्यवस्था करे। सुलभ शौचालय और शुद्ध पेयजल की समस्या से नगर वासियों को जल्द से जल्द छुटकारा दिला सके।