- 50 फीसदी छात्रों के फेल घोषित होने से हैं नाराज
-एसडीएम व सीओ ने छात्रों को समझाकर धरना खत्म कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों में आक्रोश है। छात्रों का आरोप है कि स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में 50 फीसदी से अधिक छात्रों को फेल कर दिया गया है। इसी को लेकर बुधवार को एचआरपीजी कॉलेज के छात्रों ने महाविद्यालय के गेट पर धरना दिया। अंक पत्रों को सही कराने की मांग किया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर छात्रों को समझाकर धरना समाप्त कराया।
गौरतलब है किएक सप्ताह पूर्व सिद्धार्थ विश्वविद्यालय का परिणाम घोषित किया गया। तभी से छात्र आंदोलित हैं। छात्रों का आरोप है कि उन्हे चतुर्थ सेमेस्टर में फेल कर दिया गया है। करीब 50 प्रतिशत से अधिक छात्र फेल है। उनके अंक पत्र में ''नाॅट प्रमोटेड'' लिखा गया है। जिससे छात्रों का भविष्य अधर में अटका हुआ है। छात्रों ने अंक पत्रों को सही कराए जाने की मांग की।
इस दौरान छात्र रमजान अली, विवेक, सदानंद, सलमान, बलराम, कृष्णानंद, राहुल, संध्या, ज्योति, नीलम, प्रीति, खुशी, प्रिया, जैनब खातून, निशा आदि मौजूद रहे।
एसडीएम शैलेश दूबे ने बताया कि कॉलेज के प्राचार्य को पत्र भेजा गया है। वो अपने स्तर से एक टीम गठित करें। जिसमें कॉलेज प्रबंधन और छात्रों का समुचित प्रतिनिधित्व रहें। इसी क्रम में छात्रों की शिकायतों की जांच करते हुए तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश प्राचार्य को दिया गया है।