परीक्षार्थी और कक्ष निरीक्षक में विवाद, नाराज छात्रों का हंगामा
- एचआरपीजी कॉलेज में चल रहे एलएलबी परीक्षा का मामला
- कॉलेज के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में बृहस्पवितार को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी और कक्ष निरीक्षक में विवाद हो गया। जिसके बाद परीक्षार्थी कक्ष से बाहर आ गए। परीक्षार्थी के समर्थन में अन्य छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। इधर कॉलेज प्रशासन ने परीक्षार्थी पर धमकी देने का आरोप लगाया है और कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर अन्य कॉलेजों की परीक्षा कराने में असमर्थता जता दी है।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। बृहस्पतिवार को एचआरपीजी कॉलेज में द्वितीय पाली में एलएलबी द्वितीय वर्ष की परीक्षा थी। परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट बाद एक कक्ष में परीक्षार्थी और कक्ष निरीक्षक में विवाद हो गया। कॉलेज प्रशासन का आरोप है कि परीक्षार्थी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा में बैठा था। मना किया गया तो वह कक्ष निरीक्षक से उलझ गया और जान से मारने की धमकी देने लगा।
इधर परीक्षार्थी का आरोप है कि कक्ष निरीक्षक उसके पास आए और फेल कराने की धमकी देने लगे। इसके बाद परीक्षार्थी कक्ष से बाहर आ गया। उसने इसकी सूचना अन्य छात्रों को दी तो अन्य छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।
सूचना पर कोतवाल सर्वेश राय फोर्स के साथ पहुंच गए और छात्रों को समझाया बुझाया, पर छात्र नहीं माने। परीक्षार्थी का कहना है कि कक्ष निरीक्षक अपनी गलती स्वीकार करे तो वह धरने से हट जाएंगे। परीक्षार्थियों का देर शाम तक धरना जारी रहा।
परीक्षार्थी के खिलाफ दी तहरीर
कॉलेज के मुख्य नियंता डॉ. विजय कृष्ण ओझा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एलएलबी परीक्षा शाम की पाली में चल रही थी। जिसमें एक कक्ष निरीक्षक ने सूचना दिया कि परीक्षा में पीडी लॉ कॉलेज का एक परीक्षार्थी रत्नेश्वर सिंह बाधा उत्पन्न कर रहा है। जिस पर नियंता मंडल के लोग पहुंचे और से पूछताछ करने लगे तो छात्र उत्तेजित हो गया और कॉपी फेंककर बाहर निकल गया और धमकी देने लगा कि सबको गोली मार देंगे। जब हम लोग कक्ष से निकलकर मुख्य गेट तक आए तब तक वह परीक्षार्थी अनेक साथियों के साथ धरने पर बैठ गया। उन्होंने परीक्षार्थी पर कार्रवाई की मांग की है।
कक्ष निरीक्षक पर फेल करने की धमकी देने का आरोप
एलएलबी द्वितीय वर्ष के परीक्षार्थी रत्नेश्वर सिंह का आरोप है कि कॉलेज में परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक आए और उसे परेशान करने लगे। विरोध किया तो वह फेल कराने की धमकी देने लगे। कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुका हूं और गलत कामों का विरोध भी किया है। जिसकी वजह से लोग उससे खुन्नस खाए हुए हैं। कक्ष निरीक्षक आकर माफी मांगें तब जाकर धरना समाप्त करेंगे।
अन्य महाविद्यालयों की परीक्षा कराने से खड़े किए हाथ
एचआरपीजी कॉलेज प्रशासन ने महाविद्यालय में अन्य महाविद्यालयों के आए सेंटरों की परीक्षा कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं। कॉलेज के प्राचार्य व महाविद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव को पत्र लिखकर परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है। कॉलेज प्रशासन ने परीक्षार्थी पर धमकी का हवाला देते हुए 20 जनवरी से बाहरी महाविद्यालयों की परीक्षा कराने में असमर्थता जता दी है।