एचआरपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर अड़े छात्र नेता
पूर्व विधायक जय चौबे ने चुनाव न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में छात्रसंघ चुनाव ने फिर जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार को छात्र नेता कॉलेज गेट पर आमरण अनशन पर बैठ गए। सूचना पर पूर्व विधायक दिग्विजयनारायण उर्फ जय चौबे सपा नेताओ के साथ पहुंंच गए और छात्रों की मांग का समर्थन किया। उन्होंने छात्रों से आमरण अनशन नहीं अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को कहा। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव नहीं कराया गया तो सपा वृहद आंदोलन करेगी।
एचआरपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मांग 15 दिनों से आंदोलन चल रहा है। चार दिन पूर्व छात्र नेताओं ने प्राचार्य को कमरे में बंद कर दिया था और गेट पर धरने पर बैठ गए थे। उसके बाद प्रशासन ने छात्र नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया था। जिसके बाद एडीएम ने छात्रसंघ चुनाव नवंबर माह में कराने की बात कही थी। इधर रक्षाबंधन के चलते कॉलेज को चार दिन के लिए बंद किया गया था। शुक्रवार को कॉलेज खुला तो छात्र नेता अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए। छात्र नेता शुभम सिंह, विशाल सिंह, शिवम गुप्त, बलिराम, शैलेंद्र, देवेश सिंह, उज्जवल, राधा, अभिषेक, गोविंद आदि ने कहा कि प्रशासन चुनाव नहीं कराना चाहता है। इससे छात्रों के हितों की अनदेखी हो रही है। कॉलेज में लोगों ने छात्रसंघ की फीस भी जमा की है। जब हर साल चुनाव होता है तो इस साल चुनाव क्यों नहीं कराया जा रहा है। जब तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं हो जाती है, लोग आमरण अनशन से नहीं हटेंगे। छात्रों के आमरण अनशन पर बैठने की सूचना पर पूर्व विधायक दिग्विजयनारायण उर्फ जय चौबे, सपा नेता जयराम पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, रामदरश यादव, राहुल यादव बादल पहुंच गए और छात्रों के साथ धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक जय चौबे ने कहाकि आमरण अनशन मत करे अनिश्चित कालीन धरना दे। जिसके बाद छात्र नेताओं ने अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया।
छात्र हित में चुनाव कराया जाना जरूरी : जय
एचआरपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्र नेताओं के समर्थन में पहुंचे पूर्व विधायक दिग्विजयनरायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर अनिश्चितकालीन धरने में बैठे सभी छात्र नेताओं के साथ समाजवादी पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। जहां भी छात्र नेताओं को जरूरत होगी। उनकी भरपूर मदद की जाएगी। हर साल की तरह इस साल भी एचआरपीजी कॉलेज में चुनाव होना चाहिए। प्राचार्य से बात की गई है, उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार चुनाव कराने के लिए तैयार है, लेकिन अभी जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली है। पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि मामले में जिलाधिकारी से भी बात की गई है। पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराया जाए, जो छात्र हित में है। अगर ऐसा नही होता है तो सपा वृहद आंदोलन करेगी।
छात्रों के आंदोलन से पठन-पाठन हो गया ठप
एचआरपीजी कॉलेज में छात्रों के आंदोलन के चलते पठन-पाठन ठप हो गया। छात्र नेताओं ने कक्षाओें में पहुंचकर शिक्षकों को पठन-पाठन करने पर रोक लगा दिया। जिसे लेकर छात्राओं में रोष रहा। छात्रा शिवानी, दिव्यांशा, रजनी, संजू ने कहा कि वह महाविद्यालय में पढ़ाई करने आती हैं, लेकिन छात्र नेता पढ़ाई नहीं होने दे रहे हैं। कॉलेज का माहौल खराब हो रहा है। हर छह माह पर परीक्षा होती है, ऐसे में उनकी तैयारी कैसे होगी। जब क्लास नहीं चलेगा तो सेलेवस का भी पता नहीं लगेगा। छात्राओं ने प्राचार्य से काॅलेज में पठन-पाठन सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव की अनुमति नहीं दी है, अगर अनुमति मिलती है तो छात्रसंघ चुनाव कराया जाएगा। छात्र नेताओं से अपील है कि वह लोग कॉलेज परिसर में पठन-पाठन में व्यवधान उत्पन्न न करें।
- प्रोफेसर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, प्राचार्य एचआरपीजी कॉलेज