-आत्मा योजना के गर्वनिंग बोर्ड की बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में बुधवार को नेशनल मिशन आन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी ‘आत्मा’ योजना के गर्वनिंग बोर्ड की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें आत्मा योजना अंतर्गत जिला एक्शन प्लान और इसके साथ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के जिला एक्शन प्लान की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि लक्ष्य को पूर्ण करें, ताकि उत्पादन में वृद्धि हो सके।
उप निदेशक कृषि ने बताया की आत्मा योजना अंतर्गत गत वर्ष में किसानों के प्रशिक्षण एक्सपोजर विजिट, उन्नत फसल तकनीकी प्रदर्शन, फॉर्म स्कूल प्रदर्शन, कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य पालन के प्रगतिशील किसानों को किसान सम्मान दिवस पर सम्मानित कराया गया एवं प्रचार-प्रसार के लिए विकास खंड स्तर पर गोष्ठियां आयोजित की गई। किसान वैज्ञानिक संवाद के अंतर्गत जनपद के कृषि विज्ञान केंद्र बगही के कृषि वैज्ञानिकों के सहयोग से संयुक्त भ्रमण कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण कार्य कराए गए।
समीक्षा के दौरान अवगत कराया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन अंतर्गत नवीन उन्नतशील प्रजातियों के गेहूं, धान, दलहन अंतर्गत चना, मटर, मसूर, उर्दू, मूंग के बीज अनुदान पर वितरित कराए जाते हैं। इसी योजना में उन्नत कृषि यंत्र जैसे पंपसेट, रोटावेटर, स्प्रेयर, कल्टीवेटर मल्टी क्रोप थ्रेशर, सीड ड्रिल लेजर लैंड लेबलर, स्मॉल गोदाम, तारपलिन सीट, सिंचाई जल प्रबंधन के लिए पम्पसेट आदि अनुदान पर वितरित किए जाते हैं।
डीएम ने निर्देश दिया कि कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी प्रचार-प्रसार करते हुए इन लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करें। जिससे कि किसानों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि हों। साथ ही एक मॉडल कृषि कार्य के रूप में जनपद को आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर सीडीओ संत कुमार, उप कृषि निदेशक राकेश कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी सीपी सिंह, लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. यशपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।