संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में बैठक हुई।
डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अर्हता तिथि एक जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। यह 27 अक्तूबर से प्रारंभ हो रहा है। कार्यक्रम के अनुसार, एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष आयु पूरी कर रहे युवाओं को मतदाता बनाए जाने, मृतक मतदाताओं का विलोपन, त्रुटियों का संशोधन आदि से संबंधित कार्रवाई की जानी है। डीएम ने बताया कि विधानसभा मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 27 अक्तूबर को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि नौ दिसंबर तक है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान तिथियां चार नवंबर, पांच नवंबर, 25 नवंबर, 26 नवंबर, दो दिसंबर, तीन दिसंबर निर्धारित की गई है। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसंबर तक किया जाएगा तथा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी, 2024 को किया जाएगा।
बैठक में एडीएम जय प्रकाश, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, एसडीएम मेंहदावल अरुण वर्मा, एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव, तहसीलदार धनघटा योगेंद्र पांडेय, सहायक निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश, अधिशासी अभियंता नलकूप लालचंद्र, डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव आदि मौजूद रहे।