मगहर में बन रही लक्ष्मी जी की प्रतिमा का निरीक्षण करते एसपी सत्यजीत गुप्ता।
संतकबीरनगर। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कस्बा मगहर में लक्ष्मी पूजा व दीपावली के लिए बनाई जा रहीं प्रतिमाओं का निरीक्षण किया। मूर्तिकारों से मूर्तियों के संबंध में उसकी आकृति, लंबाई, चौड़ाई आदि के बारे में जानकारी ली। लंबाई को मानक के अनुसार ही रखने के लिए कहा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही मूर्तिकारों को बताया गया कि मूर्ति बेचते समय ग्राहकों के बारे में जानकारी कर उनका नाम पता अवश्य नोट करें ।
इसके बाद एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने दीपावली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा, भैय्या दूज, छठ आदि के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने व लोगों में सुरक्षा की भावना जागृत करने के लिए मगहर में पैदल गश्त किया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित किया और सुरक्षा का भरोसा दिलाय। लोगों से त्योहार को आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ मनाने व त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की बात कहीं। कहा कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अविलंब संबंधित अधिकारी के मोबाइल नंबर या थाना एवं चौकी पर अवगत कराएं। पैदल मार्च के दौरान भयमुक्त वातावरण में आगामी त्योहार को संपन्न कराने का संदेश दिया। साथ ही कहा कि त्योहार में गड़बड़ी पैदा करने वाले व शांति व्यवस्था खराब करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।