एकतरफा कार्रवाई से भड़के सपाई, एसपी कार्यालय पहुंचे
संतकबीरनगर। शहर के एचआर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में बवाल होने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। पुलिस के जरिये एकतरफा कार्रवाई किए जाने से सपाई भड़क गए है। पुलिस कार्यालय पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की सूचना से पुलिस सतर्क हो गई और शहर को छावनी में तब्दील कर दिया। बाद में सपा का प्रतिनिधि मंडल पहुंचा, लेकिन एसपी नहीं मिले।
एचआर इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार की रात डांडिया कार्यक्रम था। उसी दौरान दो पक्षों में नोकझोंक के बाद विवाद हो गया। कॉलेज गेट पर जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। स्थिति को संभालने के लिए एएसपी ,चार सीओ और कई थानों के एसओ को बुलानी पड़ गई। पुलिस तीन लोगों को पकड़ कर कोतवाली ले गई,जहां बाद में काफी संख्या में युवक पहुंच गए और पुलिस को तीनों लोगों को छोड़ना पडा। इस मामले में गोला बाजार चौकी इंचार्ज अनुज यादव ने घाटमपुर उर्फ घटरम्हा गांव के प्रधान प्रतिनिधि के सी पांडेय, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष एवं तेनुहारी के प्रधान धीरज पांडेय, नीरज पांडेय, एकमा के आलोक राय, तितौवा के सचिन यादव, आशीष राय, महुली क्षेत्र के भगवानपुर निवासी हृदय राय, घाटमपुर के नितिन पांडेय अपने 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस की ओर से एकतरफा कार्रवाई किए जाने को लेकर सपाइयों में रोष व्याप्त है। सपा के कार्यकर्ता पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर एसपी कार्यालय का घेराव करने की रणनीति बनाए थे। इसकी सूचना पहले से पुलिस को हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर गोला बाजार, बैंक चौराहा, मधुकुंज तिराहा, मेंहदावल बाईपास, कलक्ट्रेट मोड, डीएम कार्यालय गेट और एसपी कार्यालय के आस-पास काफी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। इधर सपा नेता एवं पूर्व विधायक दिग्विजय नारायन उर्फ जय चौबे की अगुआई में जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, सपा के मेंहदावल के पूर्व विधान सभा प्रत्याशी जय राम पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव, राम दरश यादव एसपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन तक एसपी जा चुके थे। एडीएम जय प्रकाश , एएसपी संतोष कुमार सिंह ने वार्ता किया। पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि डांडिया कार्यक्रम में जो विवाद हुआ, उसमें सुरक्षा में चूक है। इसमें पुलिस जिन आठ लोगों को आरोपी बनाई,क्या पुलिस उन्हें पहचानती थी। पुलिस ने कुछ निर्दोष लोगों को केस में गलत नामजद कर दी है,जो लोग कार्यक्रम में गए ही नहीं थे। पुलिस आठ लोगों को गलत तरीके बेवजह बुधवार रात कर उठा कर ले गई है,जिनका इस पूरे प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। इन्हें जल्द से जल्द छोड़ा जाए। कार्यक्रम स्थल से लेकर काॅलेज गेट के ईद-गिई तमाम सीसीटीवी कैमरे लगे है,उसी के आधार पर चिहिन्त करके आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई करें। पुलिस किसी निर्दोष को परेशान कतई न करें। दूसरे पक्ष के जो लोग दोषी है, उन्हें चिह्नित करके कार्रवाई करें। यदि पुलिस निष्पक्ष जांच कर सही कार्रवाई नहीं करेंगी तो वृहद आंदोलन छेड़ा जाएगा। सपा नेता जयराम पांडेय ने कहा कि पुलिस सीसीसीटीवी फुटेज निकाले और उसी के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करे। गलत लोगों को यदि पुलिस परेशान की तो सपाई चुप नहीं बैठेंगे। एडीएम और एएसपी ने उच्चाधिकारियों के संज्ञान में प्रकरण को लाने और सही तथ्य की जानकारी बताने की बात की। इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया।
इंसेट
एडीएम-एएसपी ने सहयोगियों संग की चर्चा
सपा के प्रतिनिधि मंडल के जाने के बाद एडीएम जय प्रकाश और एएसपी संतोष कुमार सिंह ने एसपी कार्यालय में सहयोगियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पूरे घटना क्रम पर चर्चा की। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने की जरूरत जताई। पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने की बात कहीं। एएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।